🔊
किसानों को मिला नया बाजार, आईटीबीपी को भेजी गई 16 कुंतल से अधिक सब्जियां और फल।
चम्पावत, 09 सितम्बर 2026। स्थानीय किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन और उद्यान विभाग की पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। उत्तराखंड हॉर्टिकल्चर बोर्ड और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के बीच हुए समझौते के तहत बुधवार को आईटीबीपी को 16 कुंतल 19 किलोग्राम ताजी सब्जियों और फलों की आपूर्ति की गई।
जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया कि आईटीबीपी की मांग के अनुरूप कुल 1,619 किलोग्राम स्थानीय स्तर पर उत्पादित ताजी सब्जियां और फल उपलब्ध कराए गए हैं। इस व्यवस्था से स्थानीय काश्तकारों को अपनी उपज बेचने के लिए सीधे एक नया और भरोसेमंद बाजार मिल रहा है।
जिला प्रशासन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य किसानों को बिचौलियों से मुक्त कर उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना है। आईटीबीपी को स्थानीय स्तर पर ताजी सब्जियां और फल उपलब्ध होने से जवानों को पौष्टिक एवं ताजा खाद्य सामग्री मिल रही है, वहीं किसानों के लिए उनकी उपज की नियमित बिक्री का अवसर भी तैयार हुआ है।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में अधिक से अधिक किसानों को इस व्यवस्था से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। आईटीबीपी की मांग के अनुसार आने वाले समय में स्थानीय कृषि उत्पादों की आपूर्ति की मात्रा बढ़ाई जाएगी।
इस पहल से किसानों को जनपद में ही बड़ा बाजार मिलने की उम्मीद है, जिससे उनकी कृषि आय बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर आजीविका को मजबूत करने में मदद मिलेगी।