🔊
बनबसा में दुकान की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार, SOG ने आरोपी को दबोचा
चम्पावत, 09 सितम्बर 2026। ऑपरेशन प्रहार के तहत चम्पावत पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बनबसा में एक दुकान से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की हैं। SOG चम्पावत और थाना बनबसा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 08 सितम्बर को क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेन्द्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण और SOG प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट के नेतृत्व में टीम ने सूचना के आधार पर बनबसा के मीना बाजार क्षेत्र स्थित बैग बिक्री एवं रिपेयरिंग की दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान दुकान से प्रतिबंधित एवं नशीली दवाइयों के साथ भारतीय और नेपाली मुद्रा बरामद हुई।
बरामदगी
- Alprazolam Tablets – 126
- प्रतिबंधित Capsules – 67
- Proxy SPAS Capsules – 1323
- V+ V Care Capsules – 100
- Codeine Syrup – 10 शीशी
- नेपाली मुद्रा – 30,700 रुपये
- भारतीय मुद्रा – 9,060 रुपये
पुलिस ने मौके से बंटी सिंह पुत्र चिचेदर पाल को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से इस्लामनगर, बदायूं (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में फागपुर, थाना बनबसा क्षेत्र में रह रहा था।
आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में FIR संख्या 68/2026 के तहत धारा 8/22/27 NDPS Act में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में थाना बनबसा में आबकारी अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पीलीभीत और बरेली से लाकर बेचता था नशीली दवाएं
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशीली दवाइयां पीलीभीत और बरेली से खरीदकर बनबसा क्षेत्र में भारतीय और नेपाली नागरिकों को ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस अब आरोपी से जुड़े सप्लाई नेटवर्क, नशीली दवाओं के स्रोत और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम
SOG प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, हेड कांस्टेबल तपेन्द्र जोशी, हेड कांस्टेबल नईम कुरैशी, हेड कांस्टेबल मो. नासिर, कांस्टेबल कुलदीप सिंह, कांस्टेबल ललित कुमार, कांस्टेबल सूरज कुमार, कांस्टेबल उमेश राज और कांस्टेबल मनीष महरा टीम में शामिल रहे।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से नशीली दवाओं की तस्करी और बिक्री से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। सूचना 1933 या 112 पर दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।