🔊
अब शहीद रेवाधर के नाम से जाना जाएगा खेतीखान का ITI , मुख्यमंत्री धामी की पहल से वीर सैनिक को स्थायी सम्मान, शहीद की वीरांगना और दोनों पुत्रियां भी रहीं मौजूद।
लोहाघाट। देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले खेतीखान निवासी वीर सैनिक शहीद रेवाधर के सम्मान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खेतीखान का नाम अब उनके नाम पर कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल से शहीद के नाम को संस्थान से जोड़कर उन्हें स्थायी सम्मान दिया गया है।
कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल उमेद सिंह ने शहीद रेवाधर के शौर्य और पराक्रम को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का सम्मान समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आईटीआई के साथ शहीद का नाम जोड़े जाने से वीर सैनिक को हमेशा याद किया जाता रहेगा। कार्यक्रम में शहीद रेवाधर की वीरांगना पत्नी और दोनों पुत्रियां भी मौजूद रहीं। अपने वीर पति और पिता के नाम को सरकारी संस्थान से जुड़ते देख परिवार भावुक नजर आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सैनिकों, पूर्व सैनिकों, शहीद सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान को प्राथमिकता दिए जाने की बात भी कार्यक्रम में कही गई। खेतीखान के लोगों ने शहीद रेवाधर के नाम पर आईटीआई का नाम रखे जाने को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
फोटो : शहीद रेवाधर का फाइल फोटो।