🔊
श्यामलाताल की बदली तस्वीर, 4.90 करोड़ से सजा लेक फ्रंट, लेक फ्रंट डेवलपमेंट का काम पूरा, पर्यटन को मिलेगा नया मुकाम; रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद।
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से चम्पावत के प्रमुख पर्यटन स्थल श्यामलाताल की तस्वीर बदल गई है। यहां 4 करोड़ 90 लाख 94 हजार रुपये की लागत से तैयार लेक फ्रंट डेवलपमेंट का काम पूरा हो गया है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित लेक फ्रंट के तैयार होने से श्यामलाताल के पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती से उभरने की उम्मीद है।
परियोजना का मुख्य उद्देश्य श्यामलाताल में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही जल एवं साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करना है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।
लेक फ्रंट के तहत झील के आसपास पर्यटकों के बैठने और टहलने के लिए सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके साथ ही प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक अवस्थापना सुविधाओं का निर्माण किया गया है। इससे श्यामलाताल पहुंचने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
सरकार के अनुसार चम्पावत को आदर्श जिला बनाने की दिशा में पर्यटन क्षेत्र को प्राथमिकता दी जा रही है। श्यामलाताल में सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय कारोबार को भी गति मिलने और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई है।
इस वृहद परियोजना को कार्यदायी संस्था सीएनडीएस लोहाघाट ने निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के साथ पूरा किया है। लेक फ्रंट के विकसित होने के बाद अब श्यामलाताल को राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।
फोटो : श्यामलाताल में 4.90 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया आकर्षक लेक फ्रंट।