🔊
12 सूत्रीय मांगों को लेकर मिनिस्ट्रियल कार्मिकों का हुंकार, आर-पार की लड़ाई का ऐलान।
एसडीएम कार्यालय लोहाघाट के गेट पर गरजे कर्मचारी, शासनादेश जारी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी।
लोहाघाट। फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन के बैनर तले विभिन्न विभागों के मिनिस्ट्रियल कार्मिकों का आंदोलन बुधवार को और तेज हो गया। 12 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारियों ने उप जिलाधिकारी कार्यालय लोहाघाट के मुख्य प्रवेश द्वार पर गेट मीटिंग कर शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांगें पूरी नहीं होने पर आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया। जनपदीय अध्यक्ष विनोद कुमार की अध्यक्षता और जनपदीय सचिव जीवन चंद्र ओली के संचालन में आयोजित गेट मीटिंग में कर्मचारियों ने कहा कि वे 7 सितंबर से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में कनिष्ठ सहायक पद पर ग्रेड वेतन 2800 रुपये करने, प्रधान सहायक एवं प्रशासनिक अधिकारी पदों के आवेदन तथा उपनिदेशक (प्रशासनिक) पद का सृजन शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर संगठन के प्रांतीय पदाधिकारियों की शासन स्तर पर कई बार वार्ता हो चुकी है और कई बिंदुओं पर सहमति भी बनी, लेकिन अभी तक शासनादेश जारी नहीं किए गए। इससे कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी मिनिस्ट्रियल कार्मिकों से फेडरेशन के रोस्टर के अनुसार आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
लोहाघाट के साथ पाटी, बाराकोट, चम्पावत, टनकपुर और बनबसा में भी कर्मचारियों ने गेट मीटिंग कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम में प्रांतीय संयोजक सौरभ चंद, उत्तरांचल (पर्वतीय) कर्मचारी शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष नागेंद्र जोशी सहित सुरेंद्र सौंन, एलएम चतुर्वेदी, खीम सिंह बिष्ट, हिमांशु मुरारी, प्रकाश तड़ागी, मिंटू राणा, लोचन त्रिपाठी, सुभाष सिंह, नवीन कुमार, अंबादत्त शर्मा, अशरफ अली, संजीव रस्तोगी, ज्योति बिनवाल, नवीन जोशी, हरीश पवार, प्रमोद कुमार, अमित बोहरा, पप्पू चंद, मीना अधिकारी, रेनू पुनेठा, सूरज राणा, राहुल उप्रेती, नरेंद्र सिंह, गिरीश पांडे, त्रिभुवन सिंह अधिकारी, महेश सिंह, विकास कुमार टम्टा, जगदीश सिंह सावंत और दिनेश चंद्र समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो : लोहाघाट में एसडीएम कार्यालय के मुख्य गेट पर 12 सूत्रीय मांगों को लेकर गेट मीटिंग करते मिनिस्ट्रियल कार्मिक।