🔊
पं. गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर SARRA ने चलाया स्वच्छता और जल संरक्षण अभियान
पं. गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर SARRA ने चलाया स्वच्छता और जल संरक्षण अभियान
चम्पावत, 10 सितंबर 2026, सूवि। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) की ओर से मौराड़ी क्षेत्र में जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को लेकर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।
शनि मंदिर प्रांगण के समीप स्थित पौराणिक कौला नौला परिसर में आयोजित अभियान के दौरान व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई। SARRA टीम ने स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों को शुद्ध पेयजल के महत्व की जानकारी देते हुए पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए जागरूक किया।
इस दौरान धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने, क्षेत्र को प्लास्टिक कचरे से मुक्त बनाने और कचरे के उचित निस्तारण के लिए कूड़ेदान का प्रयोग करने की अपील की गई।
सघन सफाई अभियान के दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों के सहयोग से करीब 50 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा और एक क्विंटल गीला कूड़ा एकत्र किया गया। एकत्रित कचरे को पंचायत स्तर पर निस्तारण के लिए भेजा गया।
स्थानीय लोगों ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर आयोजित अभियान की सराहना करते हुए SARRA टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के अभियानों को जारी रखने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में मौराड़ी की ग्राम प्रधान विमला जोशी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, SARRA टीम के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: