🔊
किसान दिवस पर किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा, फार्मर रजिस्ट्री कराने पर जोर
चम्पावत, 10 सितंबर 2026, सूवि। राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के दूसरे बृहस्पतिवार को आयोजित होने वाले किसान दिवस के क्रम में गुरुवार को विकासखंड चम्पावत सभागार में विकासखंड स्तरीय किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की।
किसान दिवस के दौरान किसानों ने घेरबाड़, सिंचाई, कृषि, पशुपालन सहित कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी समस्याएं, आवश्यकताएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने विरासतन भूमि से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई और अभिलेखीय प्रक्रिया पूरी कराने के संबंध में भी जानकारी दी, ताकि पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।
उन्होंने एग्रीस्टेट योजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री और फार्मर आईडी तैयार कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी पात्र किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराएं। भविष्य में कृषि क्षेत्र में विभिन्न इनपुट और अन्य सुविधाओं का लाभ फार्मर आईडी के आधार पर प्रदान किया जाना है, इसलिए फार्मर रजिस्ट्री तैयार कराना महत्वपूर्ण है।
मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, अनुदान और किसान हितैषी कार्यक्रमों की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र लोहाघाट के वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों तथा विभिन्न फसलों के उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के संबंध में वैज्ञानिक जानकारी दी।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने पशुपालन विभाग की योजनाओं के साथ पशुओं में होने वाली बीमारियों, उनकी रोकथाम, उपचार और पशुपालन प्रबंधन की जानकारी दी। नाबार्ड और सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने भी संबंधित योजनाओं, ऋण और अन्य सुविधाओं के बारे में किसानों को अवगत कराया।
प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह ने किसानों से किसान दिवस जैसे कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसान अपनी वास्तविक आवश्यकताओं, मांग, समस्याओं और सुझावों को सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं, जिससे उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
किसान दिवस का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं को उनके स्तर पर सुनना, उनका समाधान सुनिश्चित करना तथा कृषि एवं कृषि से संबद्ध विभागों की योजनाओं और तकनीकी सुविधाओं का अधिकतम लाभ किसानों तक पहुंचाना रहा। अधिकारियों ने किसानों को उनकी समस्याओं और सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विमल कुमार सूंठा, जनपद मत्स्य प्रभारी त्रिभुवन मौर्य, नाबार्ड की डीडीएम स्वाति कार्की सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान एवं पशुपालक मौजूद रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: