🔊
पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर जनपद में विविध कार्यक्रम आयोजित, पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया भावपूर्ण स्मरण
पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर जनपद में विविध कार्यक्रम आयोजित, पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया भावपूर्ण स्मरण
भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की 139वीं जयंती जनपद में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी एवं समाज सुधारक पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के जीवन, संघर्षों और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को याद किया गया।
जयंती के अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। वहीं खेल विभाग द्वारा क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
पंत पार्क, घंटाकरण में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित गणमान्य नागरिकों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पंत जी के जीवन संघर्ष, राष्ट्र एवं समाज के लिए किए गए उनके कार्यों तथा उनके आदर्शों पर वक्ताओं द्वारा प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के जीवन एवं योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में पंत जी का योगदान अमूल्य है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई तथा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने का कार्य किया। कुमाऊं में प्रचलित कुली बेगार जैसी कुप्रथा के विरुद्ध संघर्ष में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिलाधिकारी ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी ने विभिन्न राष्ट्रीय आंदोलनों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उनका ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव आज भी हम सभी के लिए बड़ी सीख है। उनके बताए मार्ग पर चलना तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसके पश्चात नगर निगम सभागार में पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की जयंती के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से पंत जी के व्यक्तित्व एवं उनके कार्यों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों एवं राष्ट्र सेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
जिला सूचना अधिकारी पिथौरागढ़।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: