🔊
फोर्ती गांव में पंत जयंती पर शिक्षकों का सम्मान, शिक्षा और समाज निर्माण में योगदान को सराहा गया
फोर्ती गांव में पंत जयंती पर शिक्षकों का सम्मान, शिक्षा और समाज निर्माण में योगदान को सराहा गया
चम्पावत। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर फोर्ती गांव में ग्राम शिक्षा समिति (VEC) के तत्वावधान में शिक्षक सम्मान एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए हुई।
कार्यक्रम में गांव के विद्यालयों में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान दे रहे शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान 'शिक्षक सम्मान, उज्ज्वल भविष्य' और 'शिक्षा, संस्कार, समाज और समृद्धि' जैसे संदेशों के माध्यम से समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित किया गया।
ग्राम शिक्षा समिति की अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान रेनु बगौली, उप प्रधान ललित मोहन, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य शंकर बगौली तथा सामाजिक कार्यकर्ता योगेश बगौली ने शिक्षकों के समर्पित सेवा कार्य और योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर गांव में करीब 23 वर्षों से जूनियर हाईस्कूल के संस्थापक प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में सेवा दे रहे लक्ष्मण सिंह मेहता, उनके सहयोगी जया जोशी, प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक ओम प्रकाश बगौली एवं कमल राय तथा स्वयंसेवी आशा आर्या और रश्मि उपाध्याय को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
ग्राम शिक्षा समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान वास्तव में शिक्षा और समाज के बेहतर भविष्य का सम्मान है। ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें और अधिक ऊर्जा एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
ग्रामीणों ने भी शिक्षक सम्मान की इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया। लंबे समय से गांव में सेवाएं दे रहे लक्ष्मण सिंह मेहता ने निरंतर सहयोग, समर्थन और सम्मान के लिए ग्राम शिक्षा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।