🔊
जापान और जर्मनी में रोजगार का अवसर, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देगी सरकार।
चम्पावत, 10 सितंबर 2026, सूवि। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत उत्तराखंड के युवाओं को जापान और जर्मनी में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय चम्पावत के तत्वावधान में भाषाई एवं व्यावसायिक कौशल प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।
जिला सेवायोजन अधिकारी आरके पंत ने बताया कि योजना के तहत पात्र युवाओं को 6 से 8 माह का जापानी एवं जर्मन भाषा तथा कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जापान में केयरगिवर के पद के लिए 12वीं, GDA या ANM उत्तीर्ण 18 से 27 वर्ष आयु की महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकती हैं। इस पद पर करीब 1 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन निर्धारित है। प्रशिक्षण शुल्क 64 हजार रुपये है।
वहीं, जर्मनी में असिस्टेंट नर्स के पद के लिए B.Sc. Nursing या GNM धारक 21 से 35 वर्ष आयु के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी पात्र हैं। इस पद पर करीब 2.5 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन देय है। जर्मनी के लिए प्रशिक्षण निःशुल्क होगा, हालांकि 30 हजार रुपये की जमानत धनराशि निर्धारित की गई है।
योजना के तहत प्रदेश सरकार द्वारा अभ्यर्थियों को निःशुल्क भोजन एवं आवास सुविधा, प्रशिक्षण शुल्क में 20 प्रतिशत अनुदान तथा प्रशिक्षण ऋण के ब्याज में 75 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जा रहा है।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से दिए गए QR कोड के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की है।
अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय, चम्पावत के दूरभाष नंबर 05965-297303, 8218715939 और 9411348111 पर कार्यालय समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।