🔊
15 अक्टूबर तक चम्पावत की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
मानसून से क्षतिग्रस्त सड़कों और ड्रेनेज व्यवस्था का होगा चिन्हीकरण, मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी
चम्पावत, 10 सितंबर 2026, सूवि। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को सड़क निर्माण से जुड़े विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, ग्रामीण निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को जनपद की सड़कों का आकलन कर कार्ययोजना तैयार करने और 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान वर्षा और आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों, टूटे मार्गों तथा प्रभावित ड्रेनेज व्यवस्था वाले स्थानों का तत्काल चिन्हीकरण कर उनका विवरण तैयार किया जाए। मानसून समाप्त होते ही मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किए जाएं। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अभियान की नियमित निगरानी की जाएगी। सभी विभाग अपने अधीन आने वाली सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत का आकलन समय रहते पूरा करें, ताकि मौसम अनुकूल होते ही कार्य शुरू किए जा सकें। मुख्य मार्गों, ग्रामीण संपर्क मार्गों और अधिक यातायात वाले मार्गों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखने तथा संबंधित अधिकारियों को मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी मार्ग के अवरुद्ध होने अथवा अन्य आपदा की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में डीएफओ धिनो पुरुषोत्तमन, प्रभारी सीडीओ अजय सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चम्पावत हितेश कांडपाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग लोहाघाट मयंक तिवारी, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई बीसी नैनवाल, अधिशासी अभियंता सिंचाई रघुबर दत्त भट्ट, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।