🔊
देवीधूरा में बनेगी मल्टी लेवल पार्किंग, 9.80 करोड़ रुपये की स्वीकृति।
पहली किश्त के रूप में 3.92 करोड़ रुपये जारी, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेगी बेहतर पार्किंग सुविधा
चम्पावत, 10 सितंबर 2026, सूवि। जनपद चम्पावत में पर्यटन एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में देवीधूरा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिली है। शासन ने देवीधूरा क्षेत्र के ग्राम देचमार, तहसील पाटी में मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण के लिए ₹980.23 लाख यानी लगभग 9.80 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। परियोजना के लिए प्रथम किश्त के रूप में 40 प्रतिशत धनराशि ₹392.09 लाख यानी लगभग 3.92 करोड़ रुपये जारी की गई है।
मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, चम्पावत के माध्यम से कराया जाएगा। स्वीकृत धनराशि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, चम्पावत के माध्यम से कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि देवीधूरा धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से जनपद का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन होता है। मल्टी लेवल पार्किंग बनने से वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित शर्तों एवं मानकों का अनुपालन करते हुए निर्माण कार्य से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्माण सामग्री का निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। परियोजना की प्रगति की नियमित समीक्षा और निरीक्षण भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने परियोजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मल्टी लेवल पार्किंग बनने से देवीधूरा में पार्किंग की समस्या के समाधान के साथ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।