🔊
सीओ ने किया रीठासाहिब थाने का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, चौकी भवनों का भी जायजा
सीओ ने किया रीठासाहिब थाने का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, चौकी भवनों का भी जायजा
मडलक और डांडा की नवनिर्मित पुलिस चौकियों के भवनों का भी किया निरीक्षण
चम्पावत, 11 सितम्बर 2026। क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण ने 10 सितम्बर को थाना रीठासाहिब का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली और पुलिसिंग से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, विभिन्न अभिलेखों, आपदा प्रबंधन उपकरणों, दंगा नियंत्रण उपकरण, शस्त्र एवं टियर गैस, सीसीटीएनएस, लावारिस माल एवं वाहनों, मैस और बैरक सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इसके साथ ही क्षेत्राधिकारी ने चौकी मडलक और चौकी डांडा के नवनिर्मित भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी ने पुलिस कर्मियों को अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बेहतर और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
चम्पावत पुलिस ने कहा कि जिले में सुरक्षित वातावरण, प्रभावी पुलिसिंग और जनसेवा के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।