🔊
छतार में किराना दुकानों और भोजनालयों का निरीक्षण, सूजी-सेवई के नमूने जांच को भेजे।
छतार में किराना दुकानों और भोजनालयों का निरीक्षण, सूजी-सेवई के नमूने जांच को भेजे
चम्पावत, 11 सितम्बर 2026। खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चम्पावत के छतार क्षेत्र में जनरल स्टोर, किराना दुकानों और भोजनालयों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने भोजनालयों के किचन, किराना दुकानों की साफ-सफाई, हाइजीन और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान सूजी और रोस्टेड वर्मीसेली (सेवई) के दो नमूने संग्रहित कर परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
विभाग के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में अनिवार्य रूप से FSSAI लाइसेंस बनवाने और उसे प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही खरीद-बिक्री केवल पक्के बिल के माध्यम से करने तथा एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को बिक्री काउंटर पर नहीं रखने के संबंध में भी सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण दल में सहायक दिनेश फर्त्याल भी शामिल रहे।