🔊
एनएच पर गड्ढों का डीएम ने लिया संज्ञान, देर रात तक चला मरम्मत कार्य।
एनएच पर गड्ढों का डीएम ने लिया संज्ञान, देर रात तक चला मरम्मत कार्य
बारिश से क्षतिग्रस्त स्थानों पर तत्काल गड्ढा भरान, मौसम खुलते ही होगा स्थायी पैचवर्क और ब्लैकटॉप
चम्पावत, 11 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारिश के कारण बने गड्ढों का त्वरित संज्ञान लिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर एनएच की टीम ने देर रात तक विभिन्न स्थानों पर गड्ढों का भरान कर सड़क को दुरुस्त किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले की अन्य सड़कों पर जहां भी गड्ढे या क्षतिग्रस्त हिस्से सामने आएं, वहां बिना देरी के आवश्यक मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षित और सुचारु आवाजाही सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सड़कों की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग विभोर गुप्ता ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढों को फिलहाल तात्कालिक रूप से भरकर दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि यात्रियों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि बारिश समाप्त होने और मौसम अनुकूल होने के बाद संबंधित स्थानों पर स्थायी पैचवर्क और ब्लैकटॉप का कार्य कराया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जहां भी सड़क क्षतिग्रस्त होने या गड्ढे बनने की सूचना मिल रही है, वहां टीम भेजकर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।