🔊
पूर्णागिरी मेला: स्वास्थ्य शिविर में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, मेडिकल टीम ने टनकपुर जाने का लिया निर्णय
चम्पावत: श्री पूर्णागिरी मेला 2025 के अंतर्गत ठुलीगाड़, भैरी मंदिर, भवन एवं काली मंदिर में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में आवश्यक सुविधाओं की कमी देखी गई। मेडिकल टीम ने बताया कि इन स्थानों पर न तो ठहरने की उचित व्यवस्था है और न ही बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध हैं।
इन परिस्थितियों में स्वास्थ्य शिविर का संचालन मुश्किल हो गया है, जिससे मजबूर होकर मेडिकल टीम ने टनकपुर में रात्रि विश्राम करने का निर्णय लिया। टीम ने स्पष्ट किया कि यदि इस दौरान कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की नहीं होगी।
मेडिकल टीम द्वारा यह निर्णय लिए जाने के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पूर्णागिरी मेले में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी से तीर्थयात्रियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन को जल्द करनी होगी व्यवस्था
स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं का कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द स्वास्थ्य शिविरों के लिए बुनियादी सुविधाएँ सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि मेले के दौरान किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटा जा सके।